मथुरा, 22 अप्रैल।
भारतीय जनता पार्टी की मथुरा महानगर इकाई ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने को लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर बुधवार को महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के नेतृत्व में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कंकाली रोड स्थित बीएसए कॉलेज के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। मौके पर माहौल काफी देर तक गर्म रहा और कार्यकर्ताओं ने अधिनियम के विरोध को लेकर विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
भाजपा महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पूजा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के सशक्तीकरण के विरोध से जुड़ा रहा है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर उसने एक बार फिर अपनी महिला विरोधी सोच को उजागर किया है।
महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि इस अधिनियम में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को तैंतीस प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान था, लेकिन विपक्ष ने सुनियोजित रणनीति के तहत इसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इसका जवाब देंगी और नारी शक्ति को कमजोर आंकने की राजनीति सफल नहीं होगी।
भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष यज्ञ दत्त कौशिक ने कहा कि अधिनियम के विरोध से यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार महिला सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है और आगे भी इसी दिशा में प्रयास जारी रखेगी।
महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने विपक्ष की सोच को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह रवैया महिलाओं के अधिकारों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं ऐसे दृष्टिकोण को स्वीकार नहीं करेंगी और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी।






.jpg)




