राजनीति
19 May, 2026

नक्सल मुक्त बस्तर का रोडमैप, अमित शाह बोले- विकास और समृद्धि का मॉडल बनेगा क्षेत्र

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर को अगले पांच वर्षों में नक्सल मुक्त कर विकास और समृद्धि का मॉडल बनाने तथा स्थानीय रोजगार व बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

जगदलपुर, 19 मई ।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है और आने वाले पांच वर्षों में बस्तर को नक्सल मुक्त बनाकर विकास, समृद्धि और संतृप्ति का मॉडल तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब बस्तर में विश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद का माहौल दिखाई दे रहा है।

जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि बस्तर के विकास की कार्ययोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार केवल सड़क, भवन और आधारभूत ढांचे के निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार सृजन, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आदिवासी समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सेवा डेरों के माध्यम से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बैंकिंग, डिजिटल सेवाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सरकारी सुविधाओं की पहुंच बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार होंगे। शाह ने कहा कि बस्तर विकास की दौड़ में देश के अन्य हिस्सों से 30 से 40 वर्ष पीछे रह गया है, इसलिए केंद्र सरकार यहां आधारभूत संरचना, सिंचाई, रेलवे कनेक्टिविटी और रोजगार बढ़ाने पर तेजी से काम कर रही है।

अमित शाह ने बस्तरवासियों और विशेष रूप से आदिवासी समाज से अपील करते हुए कहा कि जो लोग दशकों तक बंदूक के साए में क्षेत्र को पीछे रखना चाहते थे, उनके बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई भेष बदलकर भ्रम फैलाने आए तो उससे बीते 50 वर्षों का हिसाब जरूर पूछा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से पंचायत, राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर भरोसा रखने की अपील की।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए सुरक्षा से विश्वास, विश्वास से विकास, विकास से समृद्धि और समृद्धि से संतृप्ति तक की कार्ययोजना बनाई है। इसमें युवाओं और महिलाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने, जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा आर्थिक मजबूती पर विशेष फोकस रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले पांच वर्षों में बस्तर के लोगों की औसत आय छह गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू बस्तर पंडूम ने स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है। इस आयोजन में स्थानीय भाषा, व्यंजन, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को मंच मिला। शाह ने बताया कि पहले चरण में 45 हजार लोगों ने भाग लिया था, जो बाद में बढ़कर 3 लाख 54 हजार तक पहुंच गया।

अमित शाह ने घोषणा की कि बस्तर में सुरक्षा बलों के 200 कैंपों में से 70 कैंपों को वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा में बदला जाएगा। इन सेवा डेरों के जरिए बैंकिंग, आधार कार्ड, डिजिटल सेवाएं, कॉमन सर्विस सेंटर, राशन दुकान, स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाएं गांवों तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की 371 योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

विवरण: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर को अगले पांच वर्षों में नक्सल मुक्त कर विकास और समृद्धि का मॉडल बनाने तथा स्थानीय रोजगार व बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़