भोपाल, 23 अप्रैल
शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कमिश्नर कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और व्यावसायिक इलाकों में जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने, माइक्रो बीट सिस्टम को सक्रिय करने तथा आदतन अपराधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, अवधेश गोस्वामी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जोनवार लंबित प्रकरणों, एनडीपीएस मामलों और अन्य गंभीर अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त, वाहन जांच और हिस्ट्रीशीटरों पर लगातार निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि माइक्रो बीट प्रणाली के माध्यम से नागरिकों से संवाद बढ़ाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए।
इसके साथ ही निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई, मादक पदार्थ तस्करों पर सख्ती, स्थाई व गिरफ्तारी वारंटों की तामीली तथा जुआ, सट्टा, अवैध हथियार और आबकारी मामलों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस को बार, रेस्टोरेंट और होटलों को समय पर बंद कराने तथा बैंकों की नियमित जांच कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा गया है।











.jpg)