नेपाल
21 Apr, 2026

नेपाल में गृहमंत्री सुदन गुरूंग की संपत्ति पर सवाल, प्रधानमंत्री ने मांगा लिखित जवाब

नेपाल में गृहमंत्री सुदन गुरूंग की संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन को लेकर उठे विवाद पर प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने लिखित स्पष्टीकरण मांगा है, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

काठमांडू, 21 अप्रैल।

नेपाल में गृहमंत्री सुदन गुरूंग की संपत्ति और उनके कथित संदेहास्पद वित्तीय लेनदेन को लेकर उठे सवालों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए गृहमंत्री से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

पिछले कुछ समय से मीडिया में गृहमंत्री की संपत्ति विवरण, शेयर खरीद से जुड़े तथ्यों में कथित अनियमितताओं और एक विवादित व्यापारी दीपक भट्ट से संभावित संबंधों को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। इन आरोपों के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने मामले की समीक्षा करते हुए औपचारिक स्पष्टीकरण की मांग की।

गृहमंत्री सुदन गुरूंग पर यह भी आरोप लगे कि उन्होंने अपनी संपत्ति विवरण में कुछ शेयर खरीद की जानकारी को प्रारंभ में शामिल नहीं किया था। साथ ही मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में पुलिस हिरासत में रहे व्यवसायी दीपक भट्ट की कंपनी से जुड़ी लेनदेन प्रक्रिया को लेकर भी संदेह व्यक्त किया गया।

गृहमंत्री के सचिवालय ने पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर लिखित स्पष्टीकरण सौंप दिया गया है। वहीं प्रधानमंत्री सचिवालय का कहना है कि मीडिया रिपोर्टों में सामने आए तथ्यों को देखते हुए यह कदम आवश्यक माना गया।

गृहमंत्री ने अपने पहले बयान में यह स्वीकार किया था कि उन्होंने शेयर खरीद के लिए कर्ज लिया था। अपने स्पष्टीकरण में उन्होंने दो कंपनियों के नाम भी बताए हैं, हालांकि ये नाम पहले उनके संपत्ति विवरण में दर्ज नहीं थे। यह जानकारी बाद में मीडिया रिपोर्ट्स सामने आने के बाद जोड़ी गई बताई जा रही है।

हालांकि गृहमंत्री ने अपनी ओर से सफाई दे दी है, लेकिन इस पूरे मामले से जुड़े कई सवाल अभी भी अनुत्तरित बने हुए हैं, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा लगातार जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़