काठमांडू, 21 अप्रैल।
नेपाल में अमेरिकी दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक मंत्री पॉल कपूर ने अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में मुख्य रूप से व्यापार और निवेश के अवसरों को विस्तार देने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार सिंहदरबार में हुई इस बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।
बताया गया कि नई सरकार के गठन के बाद नेपाल में यह पहला उच्चस्तरीय कूटनीतिक दौरा है। इस यात्रा को नई सरकार और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के साथ संबंधों को और गहरा करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पॉल कपूर ने इससे पहले सत्तारूढ़ दल के अध्यक्ष रवि लामिछाने से भी मुलाकात की थी, जिसमें आपसी सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा हुई थी।
कपूर ने काठमांडू में हुई इन बैठकों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि उन्हें नई सरकार की प्राथमिकताओं को समझने का अवसर मिला और साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने अमेरिकी उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नेपाल के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश के संभावित अवसरों पर भी विचार साझा किए।
दक्षिण एवं मध्य एशिया ब्यूरो के अनुसार इस दौरान डिजिटल ढांचे को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को बढ़ाने, साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और तकनीकी विशेषज्ञता के आदान-प्रदान जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।










