भोपाल, 18 अप्रैल
राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत जहांगीराबाद थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 6.23 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि झंडा कब्रिस्तान क्षेत्र में एक युवक सीएनजी ऑटो में गांजा लेकर बिक्री के इरादे से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान प्रशांत अहिरवार (24) निवासी शिव नगर, विदिशा रोड के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से 6.23 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही नशे की खेप को ले जाने में उपयोग किए जा रहे सीएनजी ऑटो (एमपी 04 आरबी 7306) को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की है। कार्रवाई के दौरान आरोपी को उसके अधिकारों की जानकारी दी गई और नियमानुसार पंचनामा बनाकर तलाशी प्रक्रिया पूरी की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और इसी क्रम में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।










.jpg)