पूर्वी चंपारण, 17 मार्च 2026।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडीहा गांव में सोमवार की देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया, जबकि इस घटना में पुलिस का एक जवान भी शहीद हो गया।
शहीद जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई है। मारे गए अपराधियों की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में की गई है। दोनों पर आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज थे। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही दोनों अपराधियों ने चकिया थाना के अपर थानाध्यक्ष गौरव कुमार को नेपाली नंबर से फोन कर धमकी दी थी।
पुलिस ने कॉल ट्रेस कर अपराधियों का लोकेशन पता लगाया और दबिश दी। जब एसटीएफ और पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेर लिया, तो कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की, जिसमें दोनों अपराधी मारे गए। हालांकि, इस दौरान उनके कुछ साथी फरार होने में सफल रहे।
मुठभेड़ के बाद पुलिस अधीक्षक और डीआईजी समेत कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर फरार अपराधियों की खोज जारी है। शहीद जवान के निधन से पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है, और घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।












