उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार 20 मई को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर पूरे राजकीय और पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन के बाद पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर देहरादून स्थित उनके आवास पर रखा गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर देहरादून के बसंत विहार स्थित निजी आवास से अंतिम यात्रा के लिए रवाना होगा।
इसके बाद सुबह 10:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी, जहां पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात उनका पार्थिव शरीर हरिद्वार ले जाया जाएगा, जहां दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
राज्य सरकार ने उनके निधन पर 19 से 21 मई तक तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि में सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। साथ ही अंतिम संस्कार के दिन राज्य के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।












