चंडीगढ़, 05 मई।
हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची एक विमान सेवा में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक यात्री के पावर बैंक में अचानक विस्फोट हो गया और आग लग गई। घटना विमान के लैंड होने के कुछ देर बाद हुई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
बताया गया कि फ्लाइट के पार्किंग एरिया में पहुंचने के बाद यात्री उतरने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक यात्री के बैग में रखा पावर बैंक अचानक फट गया। इसके बाद बैग से धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर तुरंत केबिन क्रू को सूचना दी गई।
स्थिति को भांपते हुए क्रू सदस्यों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पा लिया। साथ ही एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को इमरजेंसी एग्जिट के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल भवन तक पहुंचाया गया।
विमान कंपनी की ओर से पुष्टि की गई कि घटना में कोई भी यात्री या क्रू सदस्य घायल नहीं हुआ है और विमान को भी किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की घटनाएं बैटरी में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण हो सकती हैं। विमानन नियमों के तहत पावर बैंक को केवल हैंड बैगेज में ही ले जाने की अनुमति होती है, चेक-इन बैगेज में नहीं। घटना के बाद संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।



.jpg)





.jpg)
.jpg)
.jpg)