नई दिल्ली, 13 मई।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने अजरबैजान से वांछित भगोड़े प्रभदीप सिंह का सफल प्रत्यर्पण कर उसे भारत वापस लाने में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बुधवार को उसे दिल्ली लाया गया, जहां उसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से जुड़े एक गंभीर मामले में मुख्य आरोपी बताया गया है और वह नार्कोटिक्स रैकेट के संचालन में भी शामिल माना जाता है।
सीबीआई के अनुसार प्रभदीप सिंह के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज था, जिसमें बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी हुई थी और कई सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर उसके खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद अजरबैजान पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे भारत को सौंप दिया गया। दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय एस्कॉर्ट टीम उसे बाकू से लेकर आई और 13 मई को दिल्ली पहुंचाया गया।
सीबीआई भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में कार्य करती है और भारतपोल के जरिए सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करती है। एजेंसी ने बताया कि विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और अन्य एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों में 160 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा चुका है।










.jpg)


.jpg)