लखनऊ, 30 मार्च।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याओं का संज्ञान लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार प्रत्येक पीड़ित की समस्या के उचित निस्तारण के लिए तत्पर है।
उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने मंदिर पर कब्जे का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि कुछ लोग पूजा-अर्चना में बाधा डाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तुरंत पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, बदायूं के एक किसान ने फसल नष्ट होने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करें।

बलरामपुर जिले से आए एक फरियादी ने ग्रामीण सड़क की दुर्दशा का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि स्थिति का स्वयं आकलन कर सड़क निर्माण कराया जाए। इसी तरह फर्रुखाबाद के एक खिलाड़ी ने लाइसेंस संबंधित समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी हमारी धरोहर हैं और उनके प्रार्थना पत्र का त्वरित समाधान किया जाए।

जनता दर्शन में भूमि विवाद और पारिवारिक समस्याओं से जुड़े कई मामले भी सामने आए। लखनऊ से आए एक फरियादी ने अवैध कॉलोनी का मुद्दा उठाया, जिसे आवास आयुक्त द्वारा नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए गए। सरोजिनी नगर से आई शिकायत में जमीन कब्जा और बाउंड्रीवाल तोड़ने की बात सामने आई, जिस पर एसडीएम को मामले के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री योगी ने सभी मामलों में पीड़ितों की संतुष्टि पर विशेष ध्यान देने का आदेश दिया।












