नई दिल्ली, 13 मई।
थाईलैंड ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में अपनी जगह मजबूत कर ली है। स्टार शटलर पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, वहीं युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने चीनी ताइपे की तुंग चिउ-तोंग के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 21-9, 21-12 से आसान जीत दर्ज की। छठी वरीयता प्राप्त सिंधु ने यह मुकाबला केवल 33 मिनट में अपने नाम किया। अब उनका सामना अगले दौर में डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा। सिंधु 2024 सैयद मोदी इंटरनेशनल के बाद अपने पहले खिताब की तलाश में हैं।
पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत ने सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लोह कीन यू को 21-14, 21-15 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। यह मुकाबला 2021 विश्व चैंपियनशिप फाइनल का रीमैच भी रहा। 2013 में थाईलैंड ओपन का खिताब जीत चुके श्रीकांत अब अगले दौर में चीनी ताइपे के सु ली यांग से भिड़ेंगे।
युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को जापान के कोडाई नाराओका के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। उन्होंने पहले गेम में हार के बाद दूसरे गेम में वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया, लेकिन अंतिम गेम में जापानी खिलाड़ी पूरी तरह हावी रहे और 21-13, 17-21, 21-4 से जीत दर्ज की।
महिला एकल में उन्नति हुड्डा और अनमोल खरब भी अपने-अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उन्नति हुड्डा ने थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने वापसी करते हुए 11-21, 21-17, 21-16 से जीत हासिल की। वहीं 19 वर्षीय अनमोल खरब ने मौजूदा चैंपियन चेन यू फेई को कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्णायक गेम में बढ़त गंवाकर 19-21, 21-13, 21-18 से हार गईं।
दिन के आगे के मुकाबलों में लक्ष्य सेन, तन्वी शर्मा, देविका सिहाग, मालविका बंसोड़ और ईशारानी बरुआ अपने-अपने एकल मैच खेलेंगी, साथ ही मिश्रित युगल में भारत की तीन जोड़ियां भी कोर्ट में उतरेंगी।




.jpg)





.jpg)


.jpg)

