उत्तर 24 परगना, 07 अप्रैल 2026।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल की स्थिति लगातार बिगड़ी है और राज्य की आर्थिक संभावनाएं कमजोर हुई हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि तीन कार्यकालों में बंगाल का देश की अर्थव्यवस्था में योगदान लगभग 10 प्रतिशत से घटकर 6 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि औद्योगिक विकास अन्य राज्यों में तेजी से हो रहा है, जबकि बंगाल में निवेशक हिचक रहे हैं और कई उद्योग बाहर चले गए हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को भी सुरक्षा की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, और कुछ मामलों में उन्हें रातभर बंधक बनाया गया।
राजनाथ सिंह ने बंकिमचंद्र चटर्जी और ‘वंदे मातरम्’ का उदाहरण देते हुए स्वधर्म और स्वराज का महत्व समझाया। उन्होंने भाजपा के विकास एजेंडे का भी उल्लेख किया और कहा कि पार्टी बंगाल में बुनियादी ढांचा, रोजगार और निवेश को बढ़ावा देना चाहती है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिले।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और सांप्रदायिकता फैलाने में नहीं। काजी मासूम अख्तर के उदाहरण के माध्यम से उन्होंने समाज के हर वर्ग के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को तय है।










.jpg)