इंदौर, 07 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के आरएनटी परिसर में हिंसक रूप धारण कर गया। पुलिस और छात्रों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद जिला अध्यक्ष रजत पटेल समेत 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया।
एनएसयूआई ने प्रदर्शन विश्वविद्यालय में रिजल्ट में देरी, कॉपियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ किया। सैकड़ों छात्र दोपहर 1:40 बजे कैंपस पहुंचे और लगभग 40 मिनट तक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कई छात्र बार-बार बैरिकेड्स लांघते नजर आए और कुछ सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में व्यस्त थे। पुलिस ने माइक से अपील करते हुए कहा कि “रील के चक्कर में ऐसा न करें, शालीनता से ज्ञापन दें।”
जब प्रदर्शनकारी कैंपस में जबरन घुसने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकते हुए मुख्य पदाधिकारियों को हिरासत में लिया। एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को बार-बार समझाया गया, लेकिन वे नहीं माने।
गिरफ्तारियों के बावजूद एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि विश्वविद्यालय प्रशासन समस्याओं का समाधान नहीं करेगा तो आंदोलन जारी रहेगा। पूरे कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और परिसर लगभग छावनी जैसा माहौल ले लिया।













.jpg)