जम्मू, 18 अप्रैल।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को राजौरी जिले में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त डॉ. राज कुमार थापा की स्मृति को समर्पित स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय का उद्घाटन किया। डॉ. थापा का निधन पिछले वर्ष 10 मई को उस समय हुआ था जब ऑपरेशन सिंदूर के तहत हुई अकारण गोलाबारी के दौरान एक पाकिस्तानी तोप का गोला सीमा क्षेत्र में स्थित उनके आवासीय क्वार्टर पर आ गिरा था। उनके परिवार में उनकी पत्नी, जो चिकित्सक हैं, तथा दो बच्चे हैं।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. थापा की निस्वार्थ सेवा भावना और जनकल्याण के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता को स्मरण किया तथा कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर पर डॉ. थापा के जीवन और सेवाओं पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में उनके परिजन के साथ सुरक्षा बलों, पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) 2001 बैच के अधिकारी रहे डॉ. थापा (54) अपने पेशेवर समर्पण और जनहितकारी दृष्टिकोण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उन्हें पिछले वर्ष मार्च में राजौरी में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त के रूप में तैनात किया गया था और उन्होंने बधाल गांव की स्थिति संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जहां 7 दिसंबर से 19 जनवरी के बीच बीमार पड़ने के बाद तीन परिवारों के 13 बच्चों सहित 17 लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। इससे पहले उन्होंने 2009 से 2014 तक पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद के विशेष कर्तव्य अधिकारी के रूप में कार्य किया था। इसके अतिरिक्त उन्होंने जम्मू-कश्मीर कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक तथा श्रम एवं रोजगार विभाग में विशेष सचिव सहित कई अहम पदों पर भी कार्य किया था।





.jpg)
.jpg)

