देहरादून, 13 मई।
नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्री केदारनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर राज्यपाल का स्वागत मंदिर समिति के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। उन्होंने गर्भगृह में दर्शन कर देश और प्रदेश की जनता के लिए सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
दर्शन के बाद उन्होंने केदारनाथ धाम की आध्यात्मिक और दिव्य अनुभूति को अविस्मरणीय बताया और कहा कि यह स्थल आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अद्भुत केंद्र है।
राज्यपाल ने यात्रा प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा विभिन्न सेवा संस्थाओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने धाम और यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर उन्होंने तीर्थयात्रियों और तीर्थ पुरोहित समाज से संवाद कर यात्रा से जुड़े अनुभव भी जाने।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है, जहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु नई ऊर्जा और सकारात्मक अनुभूति लेकर लौटता है।










.jpg)


.jpg)