रांची, 01 अप्रैल।
खालसा सजना दिवस बैसाखी के मौके पर इस बार विशेष आयोजन किया जाएगा। श्री गुरु सिंह सभा की ओर से 14 अप्रैल को बैसाखी का भव्य दीवान सजाया जाएगा। इससे पहले 11 अप्रैल को मेन रोड गुरुद्वारा में अमृत संचार का कार्यक्रम होगा, जिसमें सिख धर्मावलंबियों के बच्चों को अमृत पान कराया जाएगा।
महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि बैसाखी का विशेष दीवान पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी लगाया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे।
इस आयोजन में समुदाय के लोगों के अलावा बच्चों और युवाओं की भी बढ़-चढ़कर भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य सिख धर्म की परंपराओं और एकता को मजबूत करना है।












