रायसेन, 24 अप्रैल
रायसेन जिले में एक बार फिर अमानवीय घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग को उनके बेटे द्वारा किए गए प्रेम विवाह की सजा दबंगों ने क्रूर तरीके से दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें आरोपियों की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में बुजुर्ग के साथ मारपीट के साथ-साथ उन्हें अपमानजनक तरीके से पेशाब पिलाते हुए देखा जा सकता है।
यह मामला जिले के ग्राम अगरिया मारखो का बताया जा रहा है। पीड़ित बिहारी बंजारे के बेटे ने विदिशा जिले के शमशाबाद की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे नाराज होकर युवती के परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने पीड़ित के घर पहुंचकर बुजुर्ग और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को जबरन घर से उठाया और उन्हें राजगढ़ जिले के ब्यावरा ले गए। वहां ले जाकर उनके साथ गंभीर मारपीट की गई और अपमानित करने के लिए बोतल में भरी पेशाब जबरन पिलाई गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को घायल हालत में घर के बाहर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित किसी तरह से सेण्डोरा पुलिस चौकी पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगे। उनके परिवार की महिलाओं ने भी न्याय की मांग उठाई है।
मामले की जानकारी मिलते ही रायसेन पुलिस ने सक्रियता दिखाई और राजगढ़ पुलिस से संपर्क किया। कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के अनुसार, आगे की प्रक्रिया के लिए पीड़ित परिवार को राजगढ़ पुलिस के साथ भेजा गया है और प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।










