कोलकाता, 05 मई।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने पद से इस्तीफा देने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगी और ऐसा कोई सवाल ही नहीं उठता।
मंगलवार को कालीघाट स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव नहीं हारी है, बल्कि मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर वोटों की लूट हुई और निष्पक्ष तरीके से चुनाव नहीं कराया गया।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई सीटों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं और चुनाव प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि मतगणना के दौरान हिंसा हुई और उनके प्रतिनिधियों को केंद्रों में प्रवेश से रोका गया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सामान्य परिस्थितियों में हार होती तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन इस बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को क्षति पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वह इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन करेंगी और लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई प्रमुख विपक्षी नेताओं ने उन्हें फोन कर समर्थन व्यक्त किया है और एकजुटता का भरोसा दिया है।
उन्होंने संकेत दिया कि आगे विपक्षी दलों को और मजबूत किया जाएगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सीमित रह गई।









.jpg)
.jpg)
.jpg)