रीवा, 20 मई ।
रीवा में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे जैन समाज को शोक में डुबो दिया। कलेक्ट्रेट के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन जैन साध्वियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक साध्वी की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के समय तीनों महिला धर्मगुरु सड़क किनारे पैदल जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, मृत साध्वियों की पहचान श्रुति मति माता और उपसमिति माता के रूप में हुई है। बताया गया कि श्रुति मति माता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। दूसरी साध्वी को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल आरिका माता का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों साध्वियां सड़क किनारे पैदल आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल सहायता के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद जैन समाज में गहरा दुख और नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में समाजजन अस्पताल और जैन धर्मशाला पहुंचे। मृत साध्वियों के पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखे गए, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। समाज के लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। हालात को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात किया गया।
हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 270 किलोमीटर दूर तक भाग निकला था। बाद में जबलपुर के बहोरीपार टोल नाके पर बरगी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी को पूछताछ के लिए रीवा लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमिश्नर बीएस जामोद, डिप्टी कमिश्नर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह ने अस्पताल और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।




.jpg)

.jpg)







