शिमला, 09 मई।
पहाड़ों की रानी शिमला में लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर हवाई संपर्क बहाल होने जा रहा है, जहां सात माह से बंद पड़ी विमान सेवाएं 10 मई से दोबारा शुरू की जा रही हैं। समर सीजन के बीच इन सेवाओं की वापसी से पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और पर्यटन क्षेत्र में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजधानी शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे से दिल्ली और धर्मशाला के लिए नियमित उड़ानें फिर से संचालित की जाएंगी। एलायंस एयर दिल्ली-शिमला मार्ग पर मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उड़ानें चलाएगी, वहीं शिमला-धर्मशाला मार्ग पर मंगलवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन विमान सेवा उपलब्ध रहेगी। कंपनी ने अग्रिम बुकिंग शुरू कर दी है और उड़ानों का पूरा कार्यक्रम अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।
निर्धारित समय के अनुसार रविवार को नई दिल्ली से विमान सुबह 6:20 बजे उड़ान भरकर 7:35 बजे शिमला पहुंचेगा, इसके बाद 8:00 बजे शिमला से वापसी कर 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगा। सोमवार को दिल्ली से विमान सुबह 7:20 बजे रवाना होकर 8:35 बजे शिमला पहुंचेगा, जबकि वापसी उड़ान 11:30 बजे शिमला से उड़कर 12:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
शिमला और धर्मशाला के बीच 11 मई से सेवाएं शुरू होंगी, जहां शिमला से विमान सुबह 9:00 बजे उड़ान भरकर 9:50 बजे धर्मशाला पहुंचेगा, वहीं वापसी में 10:15 बजे उड़ान भरकर 11:05 बजे शिमला पहुंचेगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा मात्र 50 मिनट में पूरी होगी।
हालांकि इस बार यात्रियों को किराए में उल्लेखनीय वृद्धि का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली-शिमला मार्ग पर किराया पहले लगभग 4,500 रुपये था, जो बढ़कर 7,441 रुपये तक पहुंच गया है। शिमला-धर्मशाला मार्ग पर भी किराया लगभग 2,100 रुपये से बढ़कर 4,125 रुपये हो गया है। कुछ सीटों का किराया इससे कहीं अधिक है, जहां दिल्ली के लिए यह 18,298 रुपये और 27,118 रुपये तक तथा धर्मशाला मार्ग पर 13,098 रुपये और 18,348 रुपये तक पहुंच रहा है।
शिमला की हवाई सेवाएं 2 नवंबर 2025 से बंद थीं, क्योंकि 25 सितंबर 2025 को विमान सेवा संचालन को लेकर हुआ करार समाप्त हो गया था। अब सेवाएं दोबारा शुरू होने से पर्यटन, होटल उद्योग और यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, विशेषकर गर्मियों के मौसम में जब बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचते हैं।
एलायंस एयर का एटीआर-42 (600) विमान इन रूटों पर उड़ान भरेगा, जिसकी क्षमता 48 सीटों की है, लेकिन जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट की भौगोलिक स्थिति और छोटे रनवे के कारण सीमित यात्रियों के साथ संचालन होगा। दिल्ली से शिमला उड़ान में लगभग 47 यात्री यात्रा कर सकेंगे, जबकि शिमला से दिल्ली उड़ान में पेलोड प्रतिबंध के कारण केवल 24 से 28 यात्री ही सफर कर पाएंगे।
विमानपत्तन प्राधिकरण के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पहली उड़ान के आगमन पर विमान का स्वागत जल सलामी से किया जाएगा तथा यात्रियों का विशेष स्वागत किया जाएगा।










.jpg)
