केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को राजधानी गंगटोक के रिज पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा किया। यह ऑर्किडेरियम स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी परिसर में स्थित है और सिक्किम की पुष्प विरासत, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत पर्यटन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस समय तीन दिवसीय सिक्किम दौरे पर हैं। इससे पहले वे राज्य के नाम्ची जिले का भी दौरा कर चुके हैं।
राजधानी स्थित यह ऑर्किडेरियम दुर्लभ और स्थानिक ऑर्किड प्रजातियों के संरक्षण का प्रमुख केंद्र है, जो राज्य की पारिस्थितिक समृद्धि और संरक्षण प्रयासों को उजागर करता है। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न ऑर्किड प्रजातियों, उनके संरक्षण तरीकों और विकास क्षेत्र की संरचना का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि वह पूरे दिन यहां अध्ययन और निरीक्षण कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सजावटी व्यवस्था और कांच संरक्षण प्रांगण का भी अवलोकन किया तथा विजिटर्स बुक में हस्ताक्षर कर अपनी यात्रा का समापन किया।
इस अवसर पर गंगटोक नगर निगम के महापौर छिरिंग पाल्देन भोटिया, शहरी विकास विभाग की सचिव योगिता राई, योजना एवं विकास विभाग के विशेष सचिव जिग्मी बसी, जीएमसी आयुक्त गैरी चोपल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव विकास बस्नेत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









