सिरसा, 30 अप्रैल
सिरसा जिले के गांव गुसाईआना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को लाखों रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त और जांच अभियान के दौरान गांव गुसाईआना क्षेत्र में मौजूद थी, तभी एक बाइक सवार युवक वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने वापस मुड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने शक के आधार पर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 25 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
इसी दौरान सिरसा शहर क्षेत्र में दंगा और अवैध हथियार रखने के मामले में चार युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से नौ जिंदा कारतूस और घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद हुए हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी के अनुसार हुडा सेक्टर-19 स्थित एक किराना स्टोर के पास कुछ युवकों के झगड़े और हथियारों के इस्तेमाल की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे चार युवकों की तलाशी ली गई, जिसमें कारतूस बरामद हुए।
जांच के दौरान मौके से फायरिंग के संकेत भी मिले और दो खाली कारतूस बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी सुनील कुमार, अंकुश, हर्षदीप सिंह और अर्श के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि इनकी एक अन्य युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी।
पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों सहित लगभग 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियारों के साथ दंगा करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।








