नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
राजधानी के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुरुवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा की शुरुआत की गई। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1400 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि नई दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा के साथ यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्रीय गौरव को प्राचीन सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक गाथा के माध्यम से प्रस्तुत करना है। भारतीय आस्था में सद्भाव और एकता का संदेश निहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा ‘1000 वर्षों की अखंड आस्था’ को समर्पित एक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को उनकी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस यात्रा की शुरुआत की गई है, जिससे दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है जिसने एक साथ लगभग 1400 श्रद्धालुओं को इतनी बड़ी संगठित सोमनाथ यात्रा पर भेजा है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। दिल्ली सरकार द्वारा यात्रा का रेल किराया और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि गुजरात सरकार यात्रियों के ठहराव, स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन की व्यवस्था संभालेगी। दोनों राज्यों के समन्वय से यह यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सभ्यता के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और अयोध्या में राम मंदिर जैसे कार्यों ने भारतीय संस्कृति को नई पहचान दी है और यह यात्रा उसी भावना को आगे बढ़ाती है।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह पहल केवल यात्रा प्रबंधन नहीं, बल्कि नागरिकों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने भगवान सोमनाथ से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की तथा उनके परिवार और राष्ट्र की समृद्धि की प्रार्थना की।
यह विशेष रेलगाड़ी सफदरजंग स्टेशन से गुजरात के वेरावल तक जाएगी, जहां से श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों का दर्शन करेंगे। सभी यात्री 5 मई को वापस दिल्ली लौटेंगे।





.jpg)





