अहमदाबाद, 06 जून ।
अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में मेजबान भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है।
दिन के अंत तक भारत ने कुल 22 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए और पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी।
प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल की योगासन खिलाड़ी रितु मंडल विशेष आकर्षण रहीं, जिन्होंने सीनियर-ए महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के बाद टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण हासिल कर इतिहास रच दिया और दो स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं।
पदक तालिका में अर्जेंटीना 2 स्वर्ण और 2 रजत के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सिंगापुर 2 स्वर्ण और 2 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। नेपाल ने भी 1 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया है।
भारत की 122 सदस्यीय टीम विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा ले रही है और खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह आयोजन योगासन को वैश्विक खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन को वर्षों की मेहनत और प्रशिक्षण का परिणाम बताया है। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में भी भारत की बढ़त मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।









