बहराइच, 06 जून।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंडो-नेपाल सीमा के समीपवर्ती जंगली इलाकों में पुलिस की टीम नियमित गश्त कर रही थी।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध स्मैक बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान नेपाल के बांके जिले के निवासी मनीराम थापा के रूप में हुई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया, उपनिरीक्षक अनिल यादव और आरक्षी जय प्रकाश व रोहित सिंह शामिल थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोतीपुर थाना पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और वहां से उसे जेल भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।









