बारामूला, 06 जून।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षाबलों ने कनिस्पोरा क्षेत्र में देर रात एक बड़ी कार्रवाई की है। नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया, जिसमें सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई। इस दौरान टीम को वाहन से एक 12-बोर राइफल और 50 कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों लोगों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है।
यह कार्रवाई एसओजी बारामूला और 52 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने कनिस्पोरा-जाहामा क्रॉसिंग पर अंजाम दी। पकड़ी गई बलेनो कार का नंबर जेके02डीएन-6527 है। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान उरी निवासी सिकंदर खान और वकील अहमद ठाकरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वकील अहमद ठाकरी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का जवान है, जो पहले छत्तीसगढ़ में तैनात था और हाल ही में उसका तबादला राजस्थान हुआ है।
आरोपितों से पूछताछ के लिए उन्हें पहले जीआईसी बारामूला ले जाया गया और बाद में कानूनी प्रक्रिया के लिए बारामूला पुलिस स्टेशन भेज दिया गया। पुलिस को यह भी पता चला है कि ये दोनों पिछले दो दिनों से इलाके में कार लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बरामद राइफल ठाकरी के नाम पर ही रजिस्टर्ड है, जिसे उसने 5 जून को जम्मू से खरीदा था। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है।












.jpg)


