इटावा, 06 जून।
इटावा जिले की सैफई थाना पुलिस ने वाहन चोरों के एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्राधिकारी केपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात नहर पुल के समीप पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मैनपुरी के कुर्रा गांव की तरफ से चोरी की बाइक पर सवार कुछ बदमाश अवैध हथियारों के साथ हवाई पट्टी की ओर आ रहे हैं।

पुलिस ने सूचना पर तुरंत नाकाबंदी की और दो बाइक सवार बदमाशों, अमन मंसूरी और सुग्रीव को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी और उसके आसपास के इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरोह का काम करने का तरीका बेहद संगठित था। ये बदमाश चोरी की गई बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उन्हें बेच देते थे, वहीं शेष पुर्जों को कबाड़ में खपाकर अवैध धन अर्जित करते थे। अमन और सुग्रीव की निशानदेही पर पुलिस ने उनके दो अन्य साथियों, जुनैद और प्रमोद उर्फ पप्पू को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से कटी हुई मोटरसाइकिल के कई पुर्जे, पेट्रोल टंकी और साइलेंसर बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि इन सभी आरोपितों का पूर्व में भी लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पहले भी जेल की हवा खा चुके हैं। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।









