बिहार
06 Jun, 2026

बिहार में खिलाड़ियों को मिलेंगी ओलंपिक स्तर की सुविधाएं, सीएम ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खेल विभाग की समीक्षा बैठक में राजगीर स्टेडियम को समय पर पूरा करने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं।

पटना, 06 जून। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में खेल विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई।

इस दौरान उन्होंने राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए बिहार के प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।

राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वस्तरीय खेल अवसंरचनाओं का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। खेल प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए 'मेडल लाओ नौकरी पाओ' जैसी योजनाओं का प्रभावी संचालन हो रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का कार्य 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने को कहा। साथ ही पटना के डुमरी खेल परिसर में विभिन्न खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक के स्टेडियम बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के बुनियादी ढांचे को विस्तार देने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राज्य की 8053 पंचायतों में से 4700 में खेल मैदान का निर्माण पूरा हो चुका है, शेष बचे कार्यों को तेजी से निपटाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। पटना के मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास में बीसीसीआई और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के साथ तालमेल बिठाने को कहा गया, ताकि स्टेडियम तक आवागमन सुगम हो सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में ऐसे आधुनिक पाठ्यक्रम चलाए जाएं जो रोजगारोन्मुखी हों। जिला स्तरीय व्यायामशालाओं और प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियमों के संचालन और रख-रखाव के लिए पीपीपी मॉडल को अपनाने पर विचार करने का निर्देश दिया गया है।

अंत में मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर खेल उत्सवों को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को खेल क्लबों से जोड़कर खेल के प्रति माहौल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़