बागपत, 08 जून।
बागपत जिले के कोतवाली शहर अंतर्गत मोहल्ला मुगलपुरा में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान शहजान के रूप में हुई है, जो रविवार से ही लापता था।
शहजान का मोबाइल फोन भी घटना के बाद से ही बंद आ रहा था, जिसे लेकर परिजन काफी चिंतित थे और अनहोनी की आशंका जता रहे थे। शव मिलने की सूचना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब साढ़े सात बजे प्लॉट में शव देखकर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक के चाचा इकबाल ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
















