भोपाल, 09 जून।
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक का इंतजार अब खत्म होने को है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून अगले सप्ताह 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। मानसून की एंट्री संभवतः इंदौर और जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर या बैतूल जिलों के रास्ते हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों का दौर जारी है।
आज मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 जून तक कहीं आंधी-पानी तो कहीं गर्मी का असर रहेगा। वहीं 10 और 11 जून को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश में अभी तीन तरह के मौसम का मिला-जुला असर दिख रहा है। सोमवार को कई स्थानों पर पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मंडला सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 42.1, खजुराहो में 42 और दमोह में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर, राजगढ़ और मलाजखंड में भी पारा 41 डिग्री से ऊपर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, नर्मदापुरम और बुंदेलखंड के हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अरब सागर से आने वाली नमी के कारण बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और उमस का असर देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। फिलहाल उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं।
















