देहरादून, 09 जून।
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है और राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज आठ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश अथवा गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है।
पिछले चौबीस घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से कम से लेकर सामान्य से अधिक तक रहा। आने वाले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजधानी देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कीर्तिनगर में 40 मिमी, लोहाघाट में 27.3 मिमी, जखोली में 20 मिमी तथा चम्पावत में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है।















