जगदलपुर, 09 जून।
बस्तर संभाग के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार इस वर्ष मानसून के 11 से 12 जून के बीच बस्तर के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने के प्रबल आसार हैं।
बस्तर में प्री-मानसून गतिविधियां पहले से ही सक्रिय बनी हुई हैं। हालांकि बीते दो दिनों से बारिश का क्रम थमा हुआ था, लेकिन मंगलवार सुबह से ही आसमान में छाए घने काले बादलों ने उमस और गर्मी को बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 9 जून को क्षेत्र में बारिश की पूरी संभावना है।
बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिससे मानसून का असर 11 जून तक पूरे क्षेत्र में फैलने की उम्मीद है। इस वर्ष मानसून अपने सामान्य समय से दो-तीन दिन पहले ही बस्तर पहुंच सकता है।
पिछले 10 वर्षों के मानसून ट्रेंड पर नजर डालें तो 2016 से 2025 के बीच मानसून का आगमन 10 से 16 जून के बीच होता रहा है। वर्ष 2023 में मानसून 10 से 12 जून के बीच पहुंचा था, वहीं 2019 और 2024 में यह 14 से 16 जून के दौरान सक्रिय हुआ था। अब नई गणना के अनुसार बस्तर मानसून के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।
















