पौड़ी, 09 जून।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के आदेशानुसार पौड़ी जिले में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान जोर-शोर से चल रहा है। कोटद्वार तहसील प्रशासन ने ग्राम लालपानी (पटवारी क्षेत्र सनेह) में शासकीय जमीन पर अवैध रूप से किए गए कब्जे को ध्वस्त कर दिया है।
राजस्व विभाग की जांच में लालपानी गांव में लगभग एक बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया था। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को गिराकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। इस कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार राजेंद्र सनवाल ने किया, जिसमें राजस्व विभाग की टीम और पटवारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक हित और सरकारी जमीन की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों को तोड़ने वालों के विरुद्ध प्रशासन कड़ी कानूनी कार्यवाही करेगा।
















