नई दिल्ली, 10 जून।
कोयला मंत्रालय आगामी 11 जून को भाग्यनगर (हैदराबाद) में अपने अगले महत्वपूर्ण रोड शो का आयोजन करने जा रहा है। देश की राजधानी नई दिल्ली में कोयला और लिग्नाइट गैसीफिकेशन प्रोजेक्ट्स पर आयोजित हुए सफल रोड शो से मिली शानदार प्रतिक्रिया और मजबूत गति को आगे बढ़ाते हुए इस अगले चरण की रूपरेखा तैयार की गई है। इस विशेष आयोजन में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे, उनके साथ ही कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
मंत्रालय द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह रोड शो देश में नीतिगत समर्थन, अत्याधुनिक तकनीकी नवाचारों, नए निवेश के अवसरों और विभिन्न परियोजना कार्यान्वयन रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा। यह भव्य आयोजन देश भर के प्रमुख नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों, वैश्विक प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और बड़े निवेशकों को एक साझा मंच पर साथ लेकर आएगा, जिससे संपूर्ण भारत में कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के विकास की रफ्तार को तेज करने के लिए सहयोगात्मक मार्ग खोजे जा सकें।
हैदराबाद में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल आयोजन से सभी संबंधित हितधारकों की आपसी सहभागिता को और ज्यादा मजबूती मिलने, रणनीतिक साझेदारियों को सुगम बनाने और भारत में कोयला गैसीकरण के लिए एक बेहद सशक्त तथा आत्मनिर्भर इकोसिस्टम के निर्माण में बड़ा सहयोग मिलने की प्रबल आशा जताई जा रही है। इन दूरगामी पहलों के माध्यम से कोयला मंत्रालय देश में नवाचार को बढ़ावा देने, औद्योगिक भागीदारी को लगातार प्रोत्साहित करने और ऊर्जा सुरक्षा को और अधिक बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही मंत्रालय प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग और औद्योगिक विकास के जरिए आत्मनिर्भर भारत के सरकारी दृष्टिकोण को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त, अपर सचिव सनोज कुमार झा सहित मंत्रालय के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके अतिरिक्त केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारों के वरिष्ठ प्रतिनिधि, देश की प्रमुख कोयला एवं लिग्नाइट कंपनियों के शीर्ष प्रबंधन, तकनीकी विशेषज्ञ, उद्योग संघ, बड़े निवेशक और अन्य प्रमुख हितधारक भी इस रोड शो में हिस्सा लेकर देश के ऊर्जा भविष्य की नई इबारत लिखेंगे।













