बागडोगरा, 11 जून।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के आंतरिक बिखराव और पार्टी नेताओं के पलायन पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने ममता बनर्जी को लेकर तंज कसा और कहा कि उन्हें अब कांग्रेस में वापस चले जाना चाहिए, क्योंकि अंत में उन्हें वहीं लौटना है।
दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस की तुलना 'डी-कंपनी' (गैंग) से करते हुए कहा कि यह पार्टी अब अपने अंत की ओर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में स्वार्थी तत्व जुड़े थे, जो हार के डर से अब भाग रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "जिस दिन यह पार्टी चुनाव हारेगी, उसी दिन इसका वजूद खत्म हो जाएगा।" पार्टी में चल रही अन्य अटकलों पर उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि "पूरा स्कोर हो जाने दीजिए।"
अपने आधिकारिक दौरे के दौरान विकास कार्यों पर बात करते हुए दिलीप घोष ने स्वीकार किया कि महकमा परिषद के पास फिलहाल मजबूत बुनियादी ढांचे का अभाव है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं की पहचान की जाएगी और परिषद को सुव्यवस्थित तरीके से क्रियाशील बनाया जाएगा। दिलीप घोष अपनी पत्नी के साथ चिलापाता की यात्रा पर रवाना हुए हैं।










