ठियोग, 11 जून।
शिमला जिले के ठियोग में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राहीघाट स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 70 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में दुकानदार सोहन लाल उर्फ हैप्पी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र की एक दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त का धंधा चल रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बुधवार शाम दुकान की तलाशी ली, जहां प्रतिबंधित अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी ताकि इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी मात्रा में अफीम कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन से तस्कर सक्रिय हैं। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।










