मेदिनीपुर, 11 जून।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सौमेन महापात्र ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। चार बार के विधायक रहे महापात्र ने टीएमसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं और भाजपा में शामिल होने की अपनी इच्छा जाहिर की है।
सौमेन महापात्र ने पार्टी पर 'कॉरपोरेट संस्कृति' हावी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री रहते हुए भी मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाना नामुमकिन था। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से उन्हें लगातार उपेक्षित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत तब हुई जब उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उनसे मंत्री और जिलाध्यक्ष दोनों पद छीन लिए गए।
शुभेंदु अधिकारी की तारीफ करते हुए महापात्र ने कहा कि अजय मुखर्जी के बाद मेदिनीपुर में सबसे बड़ा राजनीतिक बदलाव शुभेंदु ने ही लाया है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के भीतर फिलहाल बिखराव की स्थिति है और अगर शुभेंदु अधिकारी व शमिक भट्टाचार्य उन्हें स्वीकार करते हैं, तो वे एक 'सामान्य कार्यकर्ता' के रूप में भाजपा में काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।










