पश्चिम बंगाल
11 Jun, 2026

निजी स्कूल में छापेमारी, अलमारी से मिले 1.44 करोड़ रुपये नकद और कंडोम के पैकेट

उत्तर 24 परगना के एक निजी स्कूल में विधायक की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। मामले में दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।

कांचरापाड़ा, 11 जून।

उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा में स्थित एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में बुधवार देर रात हुई छापेमारी ने राज्य में सनसनी फैला दी है। बीजपुर के भाजपा विधायक सुदीप्त दास द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस और केंद्रीय बलों ने स्कूल परिसर की तलाशी ली, जिसमें लगभग एक करोड़ 44 लाख रुपये की नकद राशि बरामद हुई।

यह छापेमारी बुधवार रात को शुरू हुई और गुरुवार तड़के चार बजे तक चली। नोटों की गिनती के लिए नोट गिनने वाली मशीनों का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान स्कूल के 'सिक रूम' की एक अलमारी से नकदी के अलावा कंडोम के पैकेट मिलने से भी मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।

विधायक सुदीप्त दास ने इसे बड़ा घोटाला करार देते हुए कहा कि यह राशि किसी राजनीतिक दल के 'काले धन' का हिस्सा हो सकती है, जिसे जांच एजेंसियों के डर से स्कूल में छिपाकर रखा गया था। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति के प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई है।

दूसरी ओर, स्कूल के प्राचार्य विकासचंद्र पाल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने सफाई दी कि यह बरामद राशि छात्रों के प्रवेश शुल्क के रूप में एकत्रित की गई थी, जिसे बैंक में जमा किया जाना था। हालांकि, 'सिक रूम' में नकदी और कंडोम मिलने के सवाल पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्कूल के कैशियर अभीक नाथ और सहायक लेखाकार सायन घोष को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इन पैसों के स्रोत और स्कूल में इनके भंडारण के कारणों की गहन जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़