वाराणसी, 11 जून।
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लुठा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ किराना दुकान पर सामान खरीदने आए एक युवक ने महज मामूली विवाद के चलते 75 वर्षीय वृद्ध दुकानदार लल्लू गुप्ता को गोली मार दी।
घटनाक्रम के अनुसार, सुबह जब लल्लू गुप्ता अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी गांव का एक युवक वहां सामान लेने पहुंचा। सामान की कीमत को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हाथापाई में बदल गई। आवेश में आकर युवक ने तमंचे से वृद्ध दुकानदार पर फायर कर दिया।
गोली दुकानदार के कंधे को पार कर गई, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर ग्रामीणों को खुलेआम धमकाते हुए मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज और वृद्ध की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नरपतपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसीपी सारनाथ ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।










