फिरोजाबाद, 11 जून।
फिरोजाबाद में पुलिस और अंतरराज्यीय चोर के बीच हुई मुठभेड़ में एक बड़े अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। थाना दक्षिण पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश आदिल उर्फ कादिर को घेरकर पकड़ा है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से अपराधी घायल हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी लालऊ इलाके में चोरी का माल खपाने की फिराक में है। जैसे ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की, बदमाशों ने टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आदिल घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मुस्ताक अली अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार अपराधी के पास से चोरी किए गए स्वर्ण आभूषण, एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने घायल आदिल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
एएसपी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि फरार साथी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसकी गिरफ्तारी को क्षेत्र में पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।










