नई दिल्ली, 11 जून।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा सियासी झटका लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने उच्च सदन की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना पत्र राज्यसभा सचिवालय को सौंपकर इसे तुरंत प्रभाव से स्वीकार करने का आग्रह किया है।
बड़ाईक ने अपने इस्तीफे में उपसभापति और सचिवालय के अधिकारियों का आभार जताया है। हालांकि, उन्होंने इस बड़े कदम के पीछे के ठोस कारणों का खुलासा नहीं किया है। अब सचिवालय की ओर से इस पर नियमानुसार संवैधानिक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
हालिया दौर में टीएमसी के लिए यह सिलसिला चिंता का विषय बनता जा रहा है। इससे पहले सुष्मिता देव और शुखेंदु शेखर रॉय जैसे दिग्गज नेता भी पार्टी और सांसद पद को अलविदा कह चुके हैं।
इस इस्तीफे के बाद उच्च सदन में तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों की संख्या सिमटकर 10 रह गई है। बड़ाईक के इस अचानक लिए गए निर्णय को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं, हालांकि पार्टी ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।










