ग्वालियर, 12 जून।
उपनगर ग्वालियर के वार्ड क्रमांक 5 आनंद नगर स्थित बड़ा पार्क माता मंदिर परिसर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रात्रि विश्राम के दौरान जन चौपाल लगाकर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चल रहे महाअभियान के तहत आयोजित किया गया।
जन चौपाल में नागरिकों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनसुविधा मुद्दे उठाए, जिन पर ऊर्जा मंत्री ने समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और हर जायज समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह मंत्री तोमर ने बड़ा पार्क स्थित जिम में स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने पार्क और मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। मंत्री ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व सम्मान का भी प्रतीक है, जिसका उद्देश्य लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करना है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने परिसर में स्थानीय नागरिकों के साथ क्रिकेट खेलकर भी लोगों से आत्मीय संवाद स्थापित किया।













