नई दिल्ली, 12 जून।
दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेता सलमान खान द्वारा फिल्म “काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी” के रिलीज पर रोक लगाने की याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म के निर्देशक और निर्माता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 19 जून तय की है।
अदालत की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि याचिका में निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, निर्देशक भरत श्रिनाते और अन्य पक्षों को प्रतिवादी बनाने की मांग की गई है, जिस पर नोटिस जारी किया जाता है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए अंतरिम राहत की मांग पर भी विचार किया जा रहा है।
सलमान खान ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि यह फिल्म उन्हें अंडरवर्ल्ड से जुड़ा हुआ दिखाती है और इसका पोस्टर उनकी पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन करता है तथा मानहानिकारक है।
अदालत को बताया गया कि फिल्म का ट्रेलर पहले ही जारी किया जा चुका है, जबकि इसकी निर्धारित रिलीज तारीख 20 जून बताई गई थी। याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म का पोस्टर 29 मई को जारी हुआ था, जिसमें एक किरदार सलमान खान जैसा दिखाया गया है और वही कंगन भी पहने हुए है, जो उनके व्यक्तित्व से जुड़ा माना जाता है।
याचिका में यह भी तर्क दिया गया है कि यह फिल्म चल रहे काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी न्यायिक कार्यवाही को प्रभावित कर सकती है, क्योंकि यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाई कोर्ट में विचाराधीन है।
सलमान खान की ओर से पेश वकीलों ने अदालत में कहा कि उनकी पर्सनैलिटी, छवि और पहचान को अदालत पहले ही संरक्षण दे चुकी है, फिर भी फिल्म में उनके जैसी छवि दिखाकर और लगातार मीडिया में उनके खिलाफ टिप्पणियां कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
अदालत ने सभी पक्षों को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई तक जवाब दाखिल करने को कहा है और मामले पर 19 जून को सुनवाई होगी।












