पश्चिम बंगाल
12 Jun, 2026

अभिषेक बनर्जी से सीआईडी की 5 घंटे लंबी पूछताछ, फर्जी हस्ताक्षर मामले में 14 जून को फिर होगी पेशी

विधानसभा हस्ताक्षर फर्जीवाड़ा मामले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से घंटों पूछताछ की है और उन्हें पुनः पेश होने का निर्देश दिया है, जबकि पार्टी के भीतर आंतरिक कलह भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

कोलकाता, 12 जून।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से विधानसभा के कथित हस्ताक्षर फर्जीवाड़ा मामले में सीआईडी ने गुरुवार को लंबी पूछताछ की। भवानी भवन स्थित सीआईडी मुख्यालय में अभिषेक से करीब साढ़े पांच घंटे तक सवाल-जवाब किए गए। देर रात जांच पूरी होने के बाद वे सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के लिए रवाना हुए। सीआईडी ने उन्हें अब 14 जून को पुनः पेश होने का निर्देश दिया है।

दिल्ली से कोलकाता लौटने के तुरंत बाद अभिषेक जांच में शामिल होने के लिए सीआईडी कार्यालय पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए भवानी भवन के आसपास सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। उल्लेखनीय है कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था, साथ ही सीआईडी को फिलहाल उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने से रोक दिया है।

यह विवाद उस पत्र से संबंधित है, जो तृणमूल विधायक दल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा गया था। इसमें शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता घोषित किया गया था, लेकिन बाद में कई विधायकों ने हस्ताक्षरों में गड़बड़ी और असंगति का दावा किया। चूंकि इस पत्र पर पार्टी महासचिव के तौर पर अभिषेक बनर्जी के हस्ताक्षर थे, इसलिए सीआईडी की नजरें उन पर टिकी हैं।

इस बीच, अभिषेक के वकील और तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी का इस मामले से खुद को अलग कर लेना और अभिषेक की कार्यशैली पर सवाल उठाना पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों को उजागर कर गया है। सीआईडी अब तक मामले में तीन विधायकों के हस्तलेख के नमूने ले चुकी है और इस पूरे प्रकरण की परतें खोलने में जुटी है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेंगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़