सरकार व नीतियाँ
12 Jun, 2026

छत्तीसगढ़ में 9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7,800 से अधिक रोजगार की संभावना

हैदराबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को आईटी, टेक्सटाइल, डेटा सेंटर और फार्मा समेत विभिन्न क्षेत्रों में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिससे 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

रायपुर, 12 जून।

छत्तीसगढ़ ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में कुल 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं, जिससे राज्य में लगभग 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है।

कार्यक्रम में आईटी, टेक्सटाइल, डेटा सेंटर, फार्मा, सीमेंट और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए पूरा वातावरण तैयार है और यहां “रेड कारपेट” बिछाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद देश-विदेश में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सबसे तेजी से उभरते औद्योगिक राज्यों में शामिल हो चुका है, जहां सिंगल विंडो सिस्टम, आसान प्रक्रियाएं और मजबूत बुनियादी ढांचा निवेश को प्रोत्साहित कर रहा है।

हैदराबाद में हुए इस आयोजन में सबसे बड़ा प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डेटा सेंटर लिमिटेड की ओर से 4,200 करोड़ रुपये का रहा, जिसके तहत देश का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित किया जाएगा। इससे डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बनेंगे।

इसी तरह सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये, एआई और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण में 700 करोड़ रुपये, टेक्सटाइल क्षेत्र में 528 करोड़ रुपये, फार्मा और डेयरी क्षेत्र में क्रमशः 200 करोड़ और 40 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लॉजिस्टिक हब बनने की क्षमता रखता है और यह सात राज्यों से जुड़ा होने के कारण लगभग 60 करोड़ उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राज्य ग्रीन स्टील और ऊर्जा क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों को ‘इन्वेस्टमेंट लेटर’ भी प्रदान किए और विभिन्न कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेंगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़