मुंबई, 13 जून।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मानगांव तहसील अंतर्गत खारवली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने चार बच्चों को कथित रूप से जहर देने के बाद स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार खारवली आदिवासी गांव निवासी आशा जाधव (29) अपने चार बच्चों के साथ रहती थीं। शुक्रवार देर रात उन्होंने अपने बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से जहर मिलाकर पिला दिया। इसके बाद महिला ने भी जहर का सेवन कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने सभी को तत्काल मानगांव के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान आशा जाधव तथा उनकी दो बेटियों नंदिनी जाधव (7) और दुर्वा जाधव (6) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, परिवार के दो अन्य बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में जारी है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।















