अयोध्या, 14 जून।
श्रीराम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्रा शनिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की और इसके बाद रामलला के दर्शन कर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में मत्था टेका। उनका अयोध्या दौरा मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने के उद्देश्य से हुआ है।
दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए नृपेन्द्र मिश्रा ने बताया कि वह मंदिर निर्माण समिति की बैठक में भाग लेने आए हैं। मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से संबंधित है और ट्रस्ट के पदाधिकारी ही इस विषय को देख रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका दायित्व मंदिर निर्माण कार्यों से जुड़ा है।
इस बीच राम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित मामले को लेकर अयोध्या के कई संतों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। महंत कमल नयन दास ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इस विषय की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं, संत शिव कुमार दास और महंत जयराम दास ने भी मामले की पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना है कि सामने आए आरोपों की वस्तुस्थिति स्पष्ट होना जरूरी है, जिससे श्रद्धालुओं के मन में किसी प्रकार की शंका न रहे।
इस प्रकरण पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय कटियार और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।














