मध्य प्रदेश
13 Jun, 2026

धर्मेंद्र प्रधान के विरोध से पहले एनएसयूआई-युवा कांग्रेस के नेता हिरासत में

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के भोपाल दौरे के दौरान प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस ने एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

भोपाल, 13 जून।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के भोपाल दौरे से पहले शनिवार को पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। संगठन के कार्यकर्ता नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने कुछ नेताओं को उनके निवास से हिरासत में लिया, जबकि कई कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर से अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस और एनएसयूआई ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करने का आरोप लगाया और विरोध दर्ज कराया।

हिरासत में लिए गए नेताओं में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, शहर अध्यक्ष अमित खत्री, प्रदेश सचिव धनजी गिरी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे तथा कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया शामिल हैं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि कई कार्यकर्ताओं को विरोध प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही रोक दिया गया।

संगठन के नेताओं के अनुसार यह विरोध नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर आयोजित किया जाना था। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विवादों ने बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों की चिंताएं बढ़ाई हैं। इसी मुद्दे को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री को काले झंडे दिखाने की योजना बनाई गई थी।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को प्रस्तावित प्रदर्शन की जानकारी पहले ही मिल गई थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं के एकत्रित होने से पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी गई और कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

कांग्रेस और एनएसयूआई ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना नागरिकों का अधिकार है। संगठन के नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि असहमति की आवाज को दबाने के बजाय उसे सुनना चाहिए।

इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने मऊगंज की छात्रा आकांक्षा की मौत का उल्लेख करते हुए इसे व्यवस्था की विफलता से जुड़ा गंभीर मामला बताया। सिंघार ने कहा कि भोपाल में कार्यक्रमों में शामिल होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पीड़ित परिवार से मुलाकात करनी चाहिए थी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार रात भोपाल पहुंचे थे। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़