कोलकाता, 13 जून।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। उन्होंने इस घटना को अभूतपूर्व बताते हुए इसकी तीखी निंदा की है।
मौके पर मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पुलिस ने कानून के दायरे से बाहर जाकर पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने इसे पार्टी के प्रति साजिश करार दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस और केंद्रीय बलों का दल अभिषेक के घर पहुंचा। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने जबरन ताला तोड़कर अंदर कदम रखा।
पुलिसकर्मी करीब पांच घंटे तक आवास के भीतर मौजूद रहे और सुबह 8 बजे के बाद वहां से निकले। घटना की सूचना मिलते ही ममता बनर्जी भी वहां पहुंची थीं। तलाशी अभियान के बाद अभिषेक बनर्जी ने भी इसकी पुष्टि की कि पुलिस ने घर के चप्पे-चप्पे को खंगाला है।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में सालबनी थाने की टीम और महिला पुलिस अधिकारी शामिल थे। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस तलाशी के सटीक कारणों का कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
अभिषेक बनर्जी पहले से ही कई जांच एजेंसियों के घेरे में हैं। हाल ही में उन्होंने विधानसभा के कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआईडी के समक्ष लंबी पूछताछ का सामना किया था।
उन्हें आगामी दिनों में सीआईडी और ईडी के समक्ष पेश होने के लिए कई नोटिस मिले हैं। इन सबके बीच शनिवार सुबह हुई यह छापेमारी सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।















